लखनऊ के आचार्य पिंगल सभागार में 05 अप्रैल 2026 को शिवभार गुर्जर लखनवी साहित्यिक संस्था द्वारा आयोजित मासिक कवि सम्मेलन एवं सम्मान समारोह में देशभर से आए साहित्यकारों ने अपनी रचनाओं से समां बांध दिया। इस अवसर पर विभिन्न साहित्यकारों को सम्मानित भी किया गया।
लखनऊ, 05 अप्रैल 2026। आचार्य पिंगल सभागार, प्रभात नगर तेलीबाग में शिवभार गुर्जर लखनवी साहित्यिक संस्था के तत्वावधान में एक भव्य कवि सम्मेलन एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ संस्थापक एवं अध्यक्ष डॉ. एल.पी. गुर्जर ‘लखनवी’ द्वारा अतिथियों के स्वागत एवं अभिनंदन के साथ हुआ।
कार्यक्रम की अध्यक्षता उन्नाव से पधारे डॉ. चन्द्र भान चन्द्र ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. हरि प्रकाश श्रीवास्तव ‘अवधी हरि’ उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में लेखिका सीमा राय ‘मधुरिमा’ तथा अति विशिष्ट अतिथि के रूप में डॉ. उमेश चन्द्र श्रीवास्तव एवं अरुण चन्द्र श्रीवास्तव ने सहभागिता की। मंच का संचालन हास्य-व्यंग्य शिरोमणि डॉ. अमलेश कुमार ‘अमल’ ने प्रभावशाली ढंग से किया।
माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के पश्चात कविवर कन्हैया लाल ने वाणी वंदना प्रस्तुत कर कार्यक्रम को गरिमामय शुरुआत दी। इसके बाद काव्य पाठ का सिलसिला प्रारंभ हुआ, जिसमें उपस्थित कवियों ने गीत, ग़ज़ल, छंद एवं मुक्तकों के माध्यम से श्रोताओं को भाव-विभोर कर दिया।
इस अवसर पर संस्था द्वारा डॉ. चन्द्र भान चन्द्र को “आचार्य पिंगल राष्ट्र रत्न सम्मान”, सीमा राय ‘मधुरिमा’ को “आचार्य पिंगल साहित्य रत्न सम्मान” तथा अरुण चन्द्र श्रीवास्तव को “आचार्य पिंगल नवसृजन सम्मान” से अलंकृत किया गया।
कवि सम्मेलन में डॉ. हरि प्रकाश श्रीवास्तव, डॉ. चन्द्र भान चन्द्र, अरुण चन्द्र श्रीवास्तव, उपेंद्र सिंह ‘सुमन’, डॉ. राकेश ‘ऋषभ’, डॉ. अमलेश कुमार ‘अमल’, सीमा राय ‘मधुरिमा’, डॉ. कन्हैया लाल, डॉ. राम सनेही विश्वकर्मा ‘सजल’, डॉ. खालिद हुसैन, डॉ. शिवनाथ सिंह ‘शिव’, डॉ. खुशबू गौतम, रामराज भारती, तेजनारायण श्रीवास्तव ‘राही’, शिवकुमार ‘आकाश हलचल’, विमल बैरागी, नय्यर विश्वानी, डॉ. कुंवर आनंद श्रीवास्तव, नीतू आनंद श्रीवास्तव, शैलेश कुमार एवं विवेकानंद सहित अनेक साहित्यकारों ने अपनी रचनाएं प्रस्तुत कीं।
कार्यक्रम के अंत में संस्थाध्यक्ष डॉ. एल.पी. गुर्जर ‘लखनवी’ ने सभी अतिथियों, कवियों एवं श्रोताओं का आभार व्यक्त करते हुए आगामी आयोजन तक कार्यक्रम स्थगित करने की घोषणा की।

0 Comments