नागदा (धार) कलेक्टर प्रियंक मिश्र की प्रेरणा तथा डाइट प्राचार्य मनोज कुमार शुक्ला के मार्गदर्शन में राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अंतर्गत संचालित मिशन अंकुर के तहत कक्षा 1 एवं 2 की हिंदी भाषा सामग्री का स्थानीय लोकभाषाओं—मालवी, निमाड़ी और भीली में अनुवाद जिले के शिक्षकों द्वारा किया गया। इस महत्वपूर्ण शैक्षणिक पहल का विमोचन डाइट धार में आयोजित कार्यक्रम में किया गया। कार्यक्रम में जिला पंचायत सीईओ अभिषेक चौधरी, डाइट प्राचार्य मनोज शुक्ला एवं डीपीसी प्रदीप खरे द्वारा अनुवादित सामग्री का औपचारिक विमोचन किया इस अवसर पर लेखन एवं अनुवाद कार्य से जुड़े संयोजक राम परिंदा,मालवी भाषा संयोजक गोपाल कौशल नवाचारी शिक्षक नयापुरा माकनी बदनावर को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया । कार्यक्रम में बदनावर बीआरसी डी.एन. गुजराती, गंधवानी बीआरसीसी रमेश मोलेश्वर,वरिष्ठ व्याख्याता प्रमोद शर्मा, ठाकुर लाल मालवीय, भूषण देशपांडे, कमलसिंह ठाकुर, रामगोपाल शर्मा, एपीसी निंगवाल सर सहित बड़ी संख्या में शिक्षकगण उपस्थित रहे। इस पहल का उद्देश्य प्रारंभिक कक्षाओं के विद्यार्थियों को उनकी स्थानीय भाषा में शिक्षण सामग्री उपलब्ध कराकर सीखने को सहज, प्रभावी और रुचिकर बनाना है। उपस्थित अतिथियों ने इस प्रयास को शिक्षा नीति के अनुरूप बाल-अनुकूल शिक्षा की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताते हुए कहा कि यह प्रयास न केवल भाषा की बाधा को कम करता है बल्कि समावेशी शिक्षा को भी बढ़ावा देता है। स्थानीय लोकभाषा का सम्मान करते हुए सीखने का वातावरण तैयार करने से अभिभावकों की सहभागिता भी बढ़ी है। मिशन अंकुर FLN के तहत यह नवाचारी पहल बच्चों के लिए सीखना सरल, आनंददायक और प्रभावी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध होगी जो मध्यप्रदेश में पहला नवाचार होगा ।

0 Comments