जयपुर, 6 अप्रैल। जयपुर की वरिष्ठ कवयित्री सुखमिला अग्रवाल ‘भूमिजा’ को उनके साहित्यिक योगदान एवं समाजसेवी कार्यों के लिए ग्लोबल इंटरनेशनल यूनिवर्सिटी (यूएसए) द्वारा मानद डॉक्टरेट की उपाधि से सम्मानित किया गया।
यह सम्मान गुजरात के वलसाड़ स्थित हार्टफुलनेस मेडिटेशन एवं योगा सेंटर में आयोजित एक भव्य समारोह में प्रदान किया गया। इस अवसर पर हार्टफुलनेस सेंटर के निदेशक डॉ. हिरेन शाह, जीएसटी विभाग के सहायक आयुक्त डॉ. डी.आर. देवाला, दिव्य प्रेरक कहानियाँ मानवता अनुसंधान न्यास के निदेशक डॉ. अभिषेक कुमार तथा वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. विनय श्रीवास्तव सहित अनेक गणमान्य व्यक्तियों ने अपने कर-कमलों से उन्हें सम्मानित किया।
कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों के प्रतिष्ठित साहित्यकारों, पत्रकारों एवं समाजसेवियों की उपस्थिति रही, जिन्होंने आयोजन को गरिमामय बनाया।
सुखमिला अग्रवाल ‘भूमिजा’ सरल स्वभाव की साहित्यकार हैं, जो लंबे समय से साहित्य सृजन और मानवता सेवा में सक्रिय हैं। उन्होंने महिलाओं के लिए निःशुल्क कक्षाएं संचालित की हैं तथा उनकी रचनाएं अनेक राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय मंचों और पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित होती रही हैं।
उन्हें साहित्य के क्षेत्र में कई सम्मान प्राप्त हो चुके हैं। साथ ही, वे पांच विश्व रिकॉर्ड तथा राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कविता और पत्र लेखन में अनेक पुरस्कार हासिल कर चुकी हैं। वे एक पुस्तक का संपादन एवं प्रकाशन भी कर चुकी हैं।
यह मानद डॉक्टरेट उपाधि उन्हें साहित्य और समाजसेवा के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय योगदान के लिए मिली उनकी तीसरी मानद उपाधि है।

0 Comments